एटा, फरवरी 11 -- दो साल पहले सांड़ के हमले में घायल हुए होमगार्ड की इलाज के दौरान मौत हो गई। ड्यूटी कर लौटते समय सांड़ ने हमला किया था। कोतवाली जलेसर के गांव रामगढ़ी निवासी शीषपाल (55) पुत्र तेजपाल सिंह होमगार्ड थे। एटा सीजेएम कोर्ट में तैनाती थी। आठ जून 2022 को ड्यूटी करने के बाद गांव लौट रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही सांड़ ने हमला कर दिया था। इसमें वह गंभीर घायल हो गए। घायल का आगरा में उपचार चल रहा था। इसके बाद परिवारीजन गांव ले आए थे। हालत बिगड़ने पर फिर से आगरा लेकर गए थे। शनिवार को इलाज के दौरान होमगार्ड की मौत हो गई। जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। होमगार्ड की मौत के बाद विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...